Sunday, 9 February 2020

भारत को हराकर चैम्पियन बना बांग्लादेश

बांग्लादेश ने रविवार को अंडर-19 विश्व कप के फाइनल मैच में भारत को तीन विकेट से हरा दिया। इसी के साथ बांग्लादेश ने आईसीसी के किसी भी विश्व कप का खिताब पहली बार अपने नाम किया। इस टूर्नामेंट में पहली बार फाइनल में पहुँचने और विश्व चैंपियन बनने वाली बांग्लादेश की टीम ने सभी को चौंका दिया। भारतीय टीम के रिकॉर्ड पाँचवी चैम्पियन बनने का सपना अधूरा रह गया।
     टॉस जीतकर बांग्लादेश ने पहले गेदबाजी करने का फैसला किया। भारतीय टीम की शुरुआत अच्छी रही लेकिन विकेटों के लगातार पतन के कारण बड़ा स्कोर बनाने में नाकामयाब रही।भारत का स्कोर एक समय 39 ओवर में तीन विकेट पर 156 रन था। ऐसा लग रहा था कि बल्लेबाजी के लिए मुश्किल विकेट पर भी टीम इंडिया 230-240 रन आसानी से बना लेगी। लेकिन उसी दौरान 88 रन बनाकर खेल रहे सेट बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल को शौरीफुल इस्लाम ने आउट कर दिया। शॉर्ट पिच गेंद पर बड़ा शॉट खेलने के चक्कर में यशस्वी ने तनजीद हसन को आसान कैच थमा दिया। इसके बाद कोई भी भारतीय बल्लेबाज विकेट पर ज्यादा देर टिक नहीं पाया और भारतीय टीम 177 रन बनाकर आल आउट हो गई।बांग्लादेश की तरफ से अविषेक दास ने सर्वाधिक तीन विकेट चटकाए।
     लक्ष्य का पीछा करने उतरी बांग्लादेश टीम की शुरुआत अच्छी रही। उसने 50 रन बिना किसी विकेट के नुकसान पर बना लिए थे। उसी दौरान भारतीय कप्तान प्रियम गर्ग ने गेंद स्पिनर गेंदबाज रवि विश्नोई के हाथों में दी। विश्नोई ने शानदार गेंदबाजी करते हुए बांग्लादेश के चार बल्लेबाजों को पवेलियन की राह दिखाई। एक समय पर बांग्लादेश के 85 रन पर पाँच विकेट गिर चुके थे और वह मुश्किल में दिखाई पड़ रही थी। लेकिन कप्तान अकबर अली के नाबाद 43 रन ने भारतीय टीम के मंसूबे पर पानी फेर दिया। बांग्लादेश की तरफ से ओपनर बल्लेबाज परवेज़ हुसैन ने भी 47 रन की शानदार पारी खेली।
     बांग्लादेश की पारी के बीच में ही बारिश आ गई। जिसकी वजह से उसे डकवर्थ लुईस नियम के आधार पर 46 ओवर में 170 रन का संशोधित लक्ष्य मिला। बांग्लादेश की टीम ने 42.1 ओवर में सात विकेट खोकर लक्ष्य को हासिल कर लिया और विश्व चैंपियन का ताज पहना।
      

No comments:

Post a Comment