जनता कर्फ्यू की सफलता और कोरोना वायरस के प्रकोप के चलते सरकार ने 22 राज्यों के 75 जिलों में लॉकडाउन घोषित कर दिया है। इन जिलों में संक्रमण के मामले आ चुके हैं और तेजी से बढ़ भी रहे हैं। जिसके मद्देनज़र सरकार ने यह फैसला किया है। देश में संक्रमितों की संख्या 423 पर पहुँच गई है। मरने वालों की संख्या अब सात हो गई है जबकि 24 लोग अबतक ठीक हो चुकें हैं। सरकार हर हाल में कोरोना वायरस को तीसरे चरण यानि कम्युनिटी ट्रांसमिशन के दौर में जाने से रोकना चाहती है। राज्यों के बीच चलने वाली परिवहन सेवाओं और सभी यात्री ट्रेनों का संचालन रोक दिया गया है। यह स्वतंत्र भारत का अबतक का सबसे बड़ा शटडाउन है। जरूरी कामों को छोड़कर घर से बाहर जाने की मनाही है। केवल रोजमर्रा के जीवन में काम आने वाली जरूरी सेवाओं को ही चालू रखा गया है। अस्पताल, किराना, डेयरी, खाद्यान्न, फल, सब्जी, चिकित्सा, मीडिया, गैस एजेंसी, बैंक एवं एटीएम आदि खुले रहेंगे। कुछ राज्यों जैसे-बंगाल, बिहार, तेलंगाना, महाराष्ट्र, झारखंड, पंजाब, ओडिशा, उत्तराखंड, आंध्र प्रदेश, चंडीगढ़, जम्मू कश्मीर और लद्दाख में 31 मार्च तक पूर्ण लॉकडाउन का ऐलान कर दिया गया है।
बढ़िया 👍
ReplyDelete